पुलिस की रेड के दौरान अधेड़ की मौत, 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच
पुलिस की रेड के दौरान अधेड़ की मौत, 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच
मौत के बाद CHC हिंडोरिया में हंगामा, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

दमोह। हिंडोरिया थाना क्षेत्र की बांदकपुर चौकी अंतर्गत गुरुवार शाम जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक अधेड़ की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और अन्य लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोरिया पहुंच गए, जहां उन्होंने हंगामा करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

स्थिति को देखते हुए हिंडोरिया सहित आसपास के थानों से पुलिस बल बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराया। मामले में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने तत्काल आठ पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही घटना की जांच विशेष टीम से कराने के निर्देश दिए गए हैं। मृतक के शव को मेडिकल परीक्षण के लिए सागर भेजा गया।
जुआ फड़ पर कार्रवाई के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, हिंडोरिया थाना पुलिस की टीम ने गुरुवार शाम बांदकपुर चौकी क्षेत्र में एक जुआ फड़ पर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान हलगज निवासी शिवसिंह उर्फ संतु पिता ज्ञानसिंह लोधी की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर उसे सीपीआर देने का प्रयास किया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोरिया ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह मेडिकल परीक्षण और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि यदि शिवसिंह की तबीयत कार्रवाई के दौरान बिगड़ी थी तो उसे तत्काल नजदीकी बांदकपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के बजाय हिंडोरिया क्यों लाया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हिंडोरिया अस्पताल पहुंचने के बाद भी समुचित उपचार नहीं किया गया।
मौत की जानकारी के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें शव स्ट्रेचर पर मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानक पटेल, वरिष्ठ कांग्रेसी मनु मिश्रा तथा पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता प्रद्युम्न सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से चर्चा की और प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की।
आठ पुलिसकर्मी लाइन अटैच
देर रात तक पुलिस अधिकारियों और परिजनों के बीच चर्चा का दौर चलता रहा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोरिया पहुंचे। चर्चा के बाद उन्होंने आठ पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच करने के निर्देश दिए।
लाइन अटैच किए गए पुलिसकर्मियों में बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा, हिंडोरिया थाना एएसआई रामकुमार सिंह, प्रधान आरक्षक संजय पाठक, वीरेंद्र मिश्रा, अविनाश जाट, देवेंद्र ठाकुर, दीपचंद्र चौधरी एवं आरक्षक शिवसदन शामिल हैं।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच विशेष टीम से कराने तथा मृतक के शव का सागर में डॉक्टरों की विशेष टीम से मेडिकल परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।
लाइन अटैच की कार्रवाई पर भी उठे सवाल
मामले में पुलिस द्वारा की गई तत्काल कार्रवाई के बावजूद लाइन अटैच किए गए पुलिसकर्मियों की सूची को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार, जुआ फड़ पर की गई कार्रवाई एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के निर्देशन में हुई थी और हिंडोरिया थाना प्रभारी भी कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल थे।
ऐसे में कार्रवाई में शामिल अधिकारियों की भूमिका और बांदकपुर चौकी को पूर्व सूचना दिए जाने अथवा नहीं दिए जाने को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है। हालांकि, इन आरोपों और कार्रवाई की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जांच के बाद सामने आएगी मौत की वास्तविक वजह
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच विशेष टीम को सौंपने के साथ शव का मेडिकल परीक्षण सागर में कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस पूरे घटनाक्रम में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।
नवीन दुनिया | दमोह



