बंडा हादसे के बाद दमोह पुलिस की कार्रवाई तेज
बंडा हादसे के बाद दमोह पुलिस की कार्रवाई तेज

बंडा हादसे के बाद दमोह पुलिस की कार्रवाई तेज
शहर से गांव तक अवैध कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश, शराब और लहान किया नष्ट
दमोह। सागर जिले के बंडा में हुए हादसे के बाद दमोह पुलिस ने भी अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमों ने दबिश देकर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले लहान को नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान महिलाओं के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के निर्देशन और मडियादो थाना प्रभारी प्रीति पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मदनटोर में कार्रवाई की। पुलिस ने चार महिलाओं के कब्जे से करीब 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की, जबकि करीब 100 किलो लहान नष्ट किया गया। पुलिस ने महिलाओं को भविष्य में अवैध रूप से शराब का निर्माण और बिक्री नहीं करने की समझाइश भी दी।


इधर दमोह शहर में भी पुलिस ने अवैध शराब के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा सीएसपी एचआर पांडे के मार्गदर्शन में देहात थाना पुलिस ने पॉलिटेक्निक के पीछे कार्रवाई की। सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी सहित पुलिस बल ने मौके से डिब्बों में भरी सड़ी-गली महुआ शराब और शराब बनाने में उपयोग की जाने वाली सामग्री जब्त की।
वहीं कोतवाली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने उद्योग विभाग के पास भी कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से तैयार किए जा रहे कच्चे महुआ लहान को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्रवाई को लेकर उठे सवाल
बंडा हादसे के बाद पुलिस की अचानक बढ़ी सक्रियता के बीच अब यह सवाल भी उठने लगे हैं कि अवैध कच्ची शराब के इन ठिकानों पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गई? यदि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब का निर्माण चल रहा था तो पुलिस की नजर इन ठिकानों तक पहले क्यों नहीं पहुंची। हादसे के बाद हुई कार्रवाई ने पुलिस की पूर्व की निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



फिलहाल पुलिस की ओर से अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही जा रही है।




